बरेली। जालसाजी से ओटीपी और पासवर्ड पूछने के बाद साइबर अपराधियों ने एक बैंक खाते से 5.20 लाख रुपये उड़ा दिए। रकम खाते से निकालने के साथ दूसरे बैंक खातों में भी ट्रांसफर की गई। खाताधारक ने पहली बार रुपये साफ होने पर ही बैंक में सूचना दी। इसके बाद भी खाते से रुपये निकल गए। अब रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर देने के साथ एसएसपी से शिकायत की गई है।
थाना प्रेमनगर की तिरुपति विहार कॉलोनी कुदेरिया बिल्डिंग निवासी सुधा सक्सेना पत्नी जितेंद्र बाबू सक्सेना के दो बैंक खाते कोटक महेंद्रा बैंक सिविल लाइंस में हैं। सुधा के मोबाइल फोन पर 29 अक्तूबर को दोपहर में एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रिजर्व बैंक का अफसर बताया। कहा कि वह रिजर्व बैंक के आदेश पर कोटक महेंद्रा बैंक के खातेदारों से बात कर रहा है। झांसे में लेकर उसने सुधा से उनका 16 नंबर का डेबिट कार्ड नंबर और वन टाइम पासवर्ड पूछ लिया। इसके बाद उनके खाते से चार बार में 5.20 लाख रुपये साफ हो गए। सुधा का कहना है कि पहली बार 10 हजार रुपये खाते से साफ होने पर उन्होंने बैंक में सूचना दी। इसके बाद भी उनके खाते से रुपये निकालने के साथ ट्रांसफर होने का सिलसिला जारी रहा। शुक्रवार को सुधा ने इस संबंध में एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।