बरेली। रेलवे कर्मचारी से 73 हजार रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा करने का दावा करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो तमंचा, दो चाकू, चार कारतूस के साथ लूट में इस्तेमाल ऑटो और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है। बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकारी है। रविवार को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने लूट का खुलासा किया।
कैंट थाना क्षेत्र में रामलीला मैदान के पास रहने वाले भरत लाल रेलवे में कर्मचारी हैं। उनकी तैनाती मुरादाबाद में है। तीन अक्तूबर की रात वह नवदिया झारा से अपने घर जाने के लिए ऑटो में सवार हुए थे। भरत लाल के पास 73 हजार रुपये थे। ऑटो में पहले से सवार बदमाश झांसा देकर उन्हें जंगल की ओर ले गए। वहां भरत लाल को बांधकर झाड़ियों में डाल दिया और उनसे 73 हजार रुपये, मोबाइल लूट लिया। रात में गश्त कर रही पुलिस टीम की जंगल में बंधे पड़े भरत लाल पर नजर पड़ी तो उन्हें बंधन मुक्त किया गया। भरत लाल को थाने लाने के बाद रिपोर्ट दर्ज की गई। एसएसपी ने बदमाशों की गिरफ्तारी को सीओ तृतीय के निर्देश में सर्विलांस टीम और इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर अशोक कुमार को लगाया था। शनिवार को पुलिस ने ऑटो से घूम रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि ये बदमाश लूट की फिराक में घूम रहे थे। गिरफ्तार बदमाश कैंट थाने के चौबारी निवासी राजेश, अजय, विजय मिश्रा, सूरज और पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव भगवंतपुर का विशाल है। बदमाशों ने रेल कर्मी से लूट की वारदात स्वीकार की है।