फतेहगंज पश्चिमी। गांव केशोपुर में बिजली चोरी पकड़ने से बौखलाए तीन लोगों ने लाइनमैन के साथ हाथापाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो हमलावर भाग गए। जेई अभय कुमार ने गांव के ही तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी किसी की गिरफ्तारी नही हुई है।
जेई अभय कुमार ने बताया कि अधिकारियों के निर्देश पर गांव केशोपुर में चेकिंग और पांच बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान गांव निवासी अल्लू खान के घर में मीटर से पहले केबल काटकर की जा रही बिजली की चोरी पकड़ी गई। लाइनमैन सुनील कुमार ने कटी केबल के हिस्से का साक्ष्य के लिए मोबाइल से वीडियो बनाने लगे तो इससे बौखलाकर अल्लू खान के बेटे मुशर्रफ और उसके साथी हसनैन तथा उमर खान ने लाइनमैन सुनील से हाथापाई कर दी। इसके अलावा जेई अभय कुमार और टीम के अन्य सदस्य डालचंद के साथ गालीगलौज करते हुए अभद्रता की। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस को देखकर आरोपी देख लेने की धमकी देकर भाग गए। जेई ने हसनैन, मुशर्रफ और उमर खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनके घर दबिश दी गई थी लेकिन मिले नहीं। जल्द गिरफ्तार करके जेल भेजे जाएंगे।