बरेली। इज्जतनगर में शहीद गेट के पास अक्सर चेन लूट की वारदात हो रही हैं। शुक्रवार रात भी नर्स की चेन लूट ली गई। अमर उजाला में खबर प्रकाशित हुई तो शनिवार को भाजपाइयों ने एसएसपी को कॉल करके पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत की। एसएसपी ने फटकारा तो मौके पर पुलिस तैनात कर चेकिंग शुरू करा दी गई।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में शहीद गेट के पास चेन लूट का सिलसिला बंद नहीं हो रहा है। हर महीने किसी न किसी की चेन लूट ली जाती है। शुक्रवार रात आठ बजे डिफेंस कॉलोनी में रहने वाली नीलम मैसी की सवा तोला सोने की चेन लूटकर लुटेरे चौकी के सामने से ही फरार हो गए थे। नीलम मैसी हिना अस्पताल में नर्स हैं। वह ड्यूटी कर घर लौट रही थीं। इतने में दो बाइक सवार इज्जतनगर की ओर से आए और शहीद गेट से कुछ दूरी पर चेन लूट ली। इसके बाद कुंडल छीनने की भी कोशिश की। नीलम के शोर मचाने पर चौकी के सामने से बदमाश फरार हो गए। देर रात नर्स ने रिपोर्ट कराई। पुलिस के पास मौजूद रिकॉर्ड में से महिला ने एक बदमाश को पहचान भी लिया।
शनिवार को पुलिस संबंधित बदमाश की तलाश में लगी रही। कुछ संदिग्ध भी पकड़े गए हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता मिंटू सिंह ने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से शिकायत की कि शहीद गेट के पास ही कई लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। थाना और चौकी पुलिस इस पर गौर ही नहीं करती। न तो गस्त होती है और न ही घटना के बाद पुलिस एक्शन में आती है। इस पर एसएसपी ने इंस्पेक्टर से नाराजगी जताई और हिदायत दी कि अब कोई घटना नहीं होनी चाहिए, इसका इंतजाम करें। शाम से ही थाना, चौकी व चीता पुलिस हरकत में आ गई। अब यहां रोज ही निगरानी और तलाशी कराने की बात कही जा रही है। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि जल्दी ही लुटेरों को पकड़ लेंगे।