बरेली। दिवाली पर पीलीभीत बाईपास स्थित एक सोसाइटी में व्यापारी और उसके परिवार वालों ने लाइसेंसी पिस्टल से ही फायरिंग की थी। वीडियो वायरल होने के बाद से पुलिस जांच में जुटी है। इतना तो साफ हो गया है कि पिस्टल का लाइसेंस एक महिला के नाम है।
कैंट एरिया के रहने वाले एक व्यापारी की राजेंद्रनगर में सर्जिकल सामान की दुकान है। दिवाली पर वह परिवार के साथ पीलीभीत बाईपास स्थित एक सोसाइटी में गया था। वहां महिलाओं के साथ व्यापारी ने शोले फिल्म का डॉयलॉग- तेरा क्या होगा कालिया, बोलकर फायरिंग की। किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इसके बाद से पुलिस जांच में जुटी है। बुधवार को व्यापारी ने इज्जतनगर थाने पहुंच कर नकली पिस्टल (टॉय गन) पुलिस को दिखाई। हालांकि, वीडियो में नजर आ रही पिस्टल असली दिख रही है। इधर, जांच में जुटी पुलिस ने काफी चीजें ट्रेस कर ली हैं। जल्द ही पिस्टल बरामद कर लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो सकती है।