भुता (बरेली)। बीसलपुर रोड पर नौ लोगों की मौत के जिम्मेदार ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने देर रात हिरासत में ले लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इससे पहले ट्रक नंबर के आधार पर रिपोर्ट लिख ली गई है। इसमें आरोपी को दाखिल किया जाएगा।
भुता बीसलपुर मार्ग पर बुधवार को कैलाश नदी पुल के पास ट्रक ने पहले बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी थी। इससे बाइक में आग लग गई थी। बाद में दंपति की भी मौत हो गई। एक हादसे के बाद भागने की जल्दबाजी में ट्रक ने सामने से आ रही बीसलपुर निवासी परिवार की वैन में टक्कर मार दी थी। नवजात के जन्म की खुशी मनाकर बरेली के अस्पताल से लौट रहे परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से तीन लोग अभी भी निजी अस्पताल में भर्ती हैं। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह के निर्देश पर थाना पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर जानकारी और धरपकड़ की तो फहेजगंज पूर्वी के उत्तमगंज मोहल्ला निवासी ड्राइवर अर्जुन सिंह को हिरासत में ले लिया। पता लगा कि ट्रक बरेली कैंट के चनेहटा निवासी अमित यादव का है जो सीमेंट उतारकर बीसलपुर से लौट रहा था।
नौ लोगों की मौत के बाद दूसरे दिन भी घटनास्थल पर निकलने वाले राहगीरों का तांता लगा रहा। ट्रक व घटनास्थल पर पड़े खून को देखकर लोग सिहर गए। ट्रक अभी मौके पर ही है। बता दें कि कैलाश पुल के तीखे मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।