बरेली। टेरर फंडिंग मामले में आरोपी सदाकत एटीएस की गिरफ्त में आने से बचने के लिए एक पुराने मामले में जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। अब उसे लखीमपुर खीरी ले जाने की तैयारी है। मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में उसका ‘बी’ वारंट दाखिल किया जाएगा। उसे एक नवंबर को लखीमपुर खीरी कोर्ट में पेश करने का आदेश हुआ है।
इज्जतनगर के परतापुर निवासी सदाकत और उसके साथियों के खिलाफ एटीएस ने लखीमपुर खीरी में हवाला और आतंकी गतिविधियों के लिए फंडिंग का मामला दर्ज कराया था। सदाकत के कई साथी गिरफ्तार हो चुके हैं। सदाकत की तलाश का दावा किया जा रहा था लेकिन वह पुलिस और एटीएस की आंखों में धूल झोंककर पुराने मामले में अपनी जमानत तुड़वाकर जेल चला गया। लखनऊ एटीएस की ओर से शनिवार को उसके ‘बी’ वारंट की एक प्रति जिला जेल में दाखिल कर दी गई, लेकिन सीजेएम कोर्ट में ‘बी’ वारंट की प्रति दाखिल नहीं हो सकी थी। एटीएस सूत्रों के मुताबिक अब मंगलवार को सीजेएम कोर्ट में वारंट की प्रति दाखिल की जाएगी। इसके बाद सदाकत को लखीमपुर खीरी कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया जाएगा।