दातागंज (बदायूं)। शनिवार सुबह दिल्ली से लौट रहे एक युवक का थैला छीनकर दो बाइक सवार युवक भाग गए। लोगों ने उनका पीछा भी किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। युवक ने पुलिस को इसकी तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमरऊ निवासी ओमेंद्र पुत्र काशी दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। ओमेंद्र शनिवार सुबह दिल्ली से अपने घर लौट रहा था। वह बस से उतरकर ई-रिक्शा में बैठकर कस्बे के परा मोहल्ले में दुधारी मोड़ पर पहुंचा था कि तभी पीछे से एक बाइक सवार युवक आया। उसने उसके हाथ से थैला छीनने की कोशिश की। ई-रिक्शा में उसके पास बैठे युवक ने बाइक सवार की मदद की और उसका थैला छीनकर दोनों बाइक से भाग गए। उसके थैले में पांच हजार रुपये और परिवार वालों के कपड़े थे। घटना के बाद वह कोतवाली पहुंचा और पुलिस को इसकी सूचना दी। जिस पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल लुटेरों का कुछ पता नहीं चला है।