बरेली। शराब गोदाम के बाहर एक महिला से छेड़खानी और मारपीट की शिकायत पर पहुंचे चीता पुलिस के दो सिपाहियों पर शोहदों ने हमला बोल दिया। एक सिपाही के हाथ पर काटने के साथ-साथ दोनों की वर्दी भी फाड़ दी। इससे पहले छेड़खानी का विरोध करने पर शोहदों ने गोदाम के चपरासी को भी पीटा। सिपाहियों ने एक शोहदे को मौके से पकड़ लिया, जबकि उसके बाकी साथी भाग निकले। शोहदों के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रामगंगा नगर कॉलोनी निवासी राजकुमार शर्मा बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला कटरा चांद खां स्थित एक शराब गोदाम में चपरासी हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात अचानक गोदाम के बाहर एक महिला की चीख सुनाई दी। नशे में धुत जाटवपुरा निवासी सनी तीन साथियों के साथ महिला से छेड़खानी और मारपीट कर रहा था। उन्होंने इसका विरोध किया तो शोहदों ने उन्हें गोदाम में घुसकर पीटा। उन्होंने यूपी 100 को सूचना दी तो सिपाही राजीव कुमार और धीरज सिंह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने शोहदों से महिला को छोड़ने को कहा तो शोहदों ने उन्हीं पर हमला कर दिया। इस बीच महिला भी वहां से चली गई। एक शोहदे ने राजीव के दायें हाथ में कई जगह दांतों से काट लिया और दोनों सिपाहियों की वर्दी फाड़ दी। बाइक और हेलमेट भी तोड़ दिया। मौके पर जुटी भीड़ की मदद से सिपाहियों ने सनी को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी भाग निकले।