डीएम की बैठक के दौरान शॉर्ट सर्किट से एसी में लगी आग
-कुछ ही देर में मीटिंग हाल में भर गया धुआं, अफरा-तफरी मची
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम की समीक्षा बैठक के दौरान शॉर्ट सर्किट से एयर कंडीशनर (एसी) में आग लग गई। कुछ ही देर में मीटिंग हाल में धुआं भर गया। इससे बैठक में अफरा-तफरी मच गई। बाद में बिजली कर्मचारियों को बुलाकर फाल्ट सही कराया गया।
डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह गुरुवार शाम अधिकारियों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक ले रहे थे। तभी मीटिंग हाल के एक एसी में आग लग गई और सभागार में धुआं भरने लगा। इससे घबराकर कई अधिकारी सभागार से बाहर निकल गए। बैठक में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि कुछ देर बाद धुआं कम होने लगा। तब बिजली कर्मचारियों को बुलाकर फाल्ट दिखवाया गया। जांच के बाद पता चला कि शॉर्ट सर्किट होने से एसी में आग लग गई थी। डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि यह मामूली घटना थी।