बरेली। नेवी के एक रिटायर्ड जवान से उसके बेटे की शिप कंपनी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगों ने 80 हजार रुपये ठग लिए। यह रकम ऑनलाइन बैंक खाते में ट्रांसफर कराई गई। ठगी के बारे में पता लगने के बाद पीड़ित ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच सीओ द्वितीय को सौंपी गई है।
सुभाषनगर थाने की राजीव कॉलोनी की गली नंबर सात में रहने वाले डोरीलाल शर्मा भारतीय जल सेना (नेवी) से रिटायर्ड हुए हैं। उनके बेटे योगेश ने पढ़ाई पूरी करने के बाद नॉटिकल साइंस में डिप्लोमा किया है। योगेश शिप कंपनी में नौकरी की तलाश कर रहा था। उसने ऑनलाइन एक विज्ञापन देखा तो दिए गए नंबर पर बात की तो कैप्टन अशोक और विजय नाम के दो लोगों ने नौकरी दिलाने का दावा किया। कई दस्तावेज भी दिखाए। अशोक ने फ्लाइट टिकट समेत अन्य औपचारिकताओं के लिए 14 अक्तूबर को डोरीलाल से एक बैंक खाते में तीन बार में 80 हजार रुपये जमा करा लिए। इसके बाद योगेश को जॉब के लिए पेरिस भेजने को मुंबई बुलाया। योगेश मुंबई पहुंचा तो अशोक और विजय के मोबाइल स्विच ऑफ हो गए। उनसे संपर्क ही नहीं हो सका। पड़ताल की तो पता लगा कि उनके साथ ठगी हुई है।