बरेली। उर्स-ए-रजवी पर पुलिस-प्रशासन की इस बार कड़ी नजर रहेगी। अफसरों ने साफ किया है कि किसी भी भड़काऊ तकरीर पर फौरन कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शुरू से आखिर तक उर्स की वीडियोग्राफी कराने की भी तैयारी की है। सुरक्षा के लिए कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं।
उर्स की सुरक्षा के लिए करीब डेढ़ हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी के साथ आठ कंपनी पीएसी लगाई जाएगी। इनमें एक हजार कांस्टेबल, 50 महिला कांस्टेबल, सौ दीवान, 50 इंस्पेक्टर, 90 दरोगा के साथ ही ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी 22 से ही लग जाएगी। एक दिन पहले फोर्स की ब्रीफिंग कर ड्यूटी कार्ड बांटे जाएंगे। इसके साथ छह दमकल, दंगा निरोधक बल और एंबुलेंस की भी अलग-अलग स्थानों पर तैनाती रहेगी। उर्स के लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। इस्लामिया कॉलेज को जोन-एक, इस्लामिया ग्राउंड से बरेली जंक्शन तक जोन- 2, इस्लामिया गेट से चौपुला, चौकी चौराहा होकर खलील तिराहे तक जोन- 3 और चौथा जोन बाहरी हिस्से में बनाया जाएगा। हर जोन में 12 घंटे की शिफ्ट में एएसपी और एडीएम स्तर के अधिकारी तैनात रहेंगे। एसपी सिटी ने बताया कि सीबीगंज के मथुरापुर में भी उर्स के दौरान भीड़ रहेगी। इसलिए वहां भी पर्याप्त सुरक्षा और यातायात का इंतजाम कराया जाएगा।
दरगाह के वालंटियर करेंगे मदद
दरगाह आला हजरत के वालंटियर भी यातायात और दूसरे मामलों में पुलिस के मददगार बनेंगे। एसपी सिटी ने बताया कि पिछली साल भी इन लोगों से काफी मदद मिली थी। इस बार भी पुलिस इन्हें अपना मददगार बनाएगी।
तकरीरों में कोई भड़काऊ बयानबाजी न हो, इस पर खास नजर रखी जाएगी। ऐसा हुआ तो वीडियो फुटेज को आधार बनाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उर्स के आयोजकों को भी इस बारे में सचेत कर दिया गया है। - अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी