बरेली। बरेली क्राइम ब्रांच ने तमिलनाडु से सवा किलो सोना चोरी कर बिजनौर जाते वक्त जंक्शन के पास से दो लोगों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया। इस चोरी की रिपोर्ट कोयंबटूर रतनापुरी थाने में दर्ज है। कोयंबटूर पुलिस पूछताछ के लिए बरेली रवाना हो चुकी है।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि बिजनौर के कीरतपुर थाने के गांव रगड़पुरा निवासी अहसान और उसके पड़ोसी गांव गाजीपुर निवासी देवेंद्र को एक सूचना के आधार पर पकड़ा गया। इन्होंने 25 सितंबर को कोयंबटूर के रत्नापुरी थाना क्षेत्र में एसी बस में बैठे एक सराफ के बैग से 1130 ग्राम की छह सोने की छड़ें और 104 ग्राम वजन की आठ सोने की चेन चोरी कर ली थीं। इसकी रिपोर्ट वहां दर्ज है। वहां की पुलिस भी इनकी तलाश कर रही है। उन्हें सूचना देकर बुलाया गया है। एसएसपी ने प्रेसवार्ता में टीम को बीस हजार रुपये ईनाम की घोषणा की।
एसएसपी ने बताया कि रगड़पुरा काफी चर्चित गांव है। वहां के लोग बैग में कुछ दिन के कपड़े लेकर बसों और ट्रेनों से साउथ की ओर निकल जाते हैं। वहां एसी बसों में बाकायदा बुकिंग कराकर बैठते हैं। सराफों या उनके कारिंदों पर खास नजर रखते हैं, जो अपना माल एक जगह से दूसरी जगह ले जाते हैं। मौका देखकर अपना बैग देखने के बहाने उनका बैग टटोल लेते हैं। माल मिल जाने पर अपने गंतव्य से पहले ही स्टेशन पर उतर जाते हैं। कई बार पीड़ित के बैग में चेन के ऊपर कोई ऐसा पदार्थ लगा देते हैं जिससे चेन आसानी से नहीं खुलती। तब चाहकर भी पीड़ित रास्ते में चेन नहीं खोल पाता और घर या दुकान पहुंचने पर ही उसे चोरी का अहसास होता है।
उधार लेकर निकलते हैं घर से
एसएसपी ने बताया कि कई बार इन चोरों पर इतना रुपया नहीं होता कि वह एसी बस और होटलों का खर्च वहन कर लें। तब वह सूदखोरों या अन्य लोगों से ब्याज पर पचास से साठ हजार रुपया लेकर निकलते हैं। जितने भी दिन बाद उनका मौका लगता है, माल लेकर सीधे घर आ जाते हैं और सारा उधार चुकता कर देते हैं। बताया कि रगड़पुरा के अधिकांश लोगों के घरों में मारबल लगा है तो अच्छी संपत्तियां भी हैं।