बरेली/रिठौरा। बिजली विभाग के मेगा डिस्कनेक्शन अभियान के तहत चेकिंग करने रिठौरा के डंडिया गांव में पहुंची बिजली विभाग की टीम पर बिजली चोरों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। गांव वालों ने अवर अभियंता समेत अन्य कर्मचारियों को गांव के बाहर तक दौड़ाया। यूपी 100 पर शिकायत करने पर गांव वाले भाग निकले। अवर अभियंता ने बिजली चोर मकान मालिक व अन्य के खिलाफ थाना इज्जतनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बिजली विभाग के रिठौरा उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता बृजपाल सिंह गौतम बुधवार को इज्जतनगर क्षेत्र के गांव डंडिया में मेगा डिस्कनेक्शन अभियान के तहत चेकिंग करने पहुंचे थे। बृजपाल के मुताबिक वहां एक मकान में कटिया पड़ी मिली तो मकान मालिक राम कुमार को बुलाया और उससे कनेक्शन संबंधित कागजात दिखाने को कहा। इस पर वह आक्रोशित होकर गालीगलौज करने लगा। इसी बीच गांव के सत्यपाल, गुलाब सिंह व अन्य भी वहां लाठी डंडे लेकर आ गए। गालीगलौज करने पर विरोध किया तो उन्होंने टीम पर हमला कर दिया। किसी तरह कर्मचारी वहां से भागे तो गांव वालों भी उनके पीछे पड़ गए और गांव के बाहर तक उन्हें दौड़ाया। कर्मचारियों ने यूपी 100 पर फोन कर शिकायत की, जब तक पुलिस टीम पहुंची आरोपी ग्रामीण भाग चुके थे। टीम में संजय सागर टीजी टू, बृजपाल के साथ जाबिर खां, अनिल पांडेय, देवेंद्र सिंह और श्याम सुंदर थे।