बरेली। कैंट के चर्चित अयान हत्याकांड का तीन महीने बाद भी खुलासा नहीं हो सका है। अयान की बहन इरम ने इस मामले में अब पूर्व डीजी पुलिस व भाजपा नेता डॉ. सूर्य कुमार से मुलाकात की। उन्होंने डीजीपी ओपी सिंह को पत्र लिखकर हत्याकांड के जल्द खुलासे के लिए एसएसपी को निर्देशित करने की अपेक्षा की है।
कैंट की चेतना कॉलोनी निवासी मदन सैफी के 14 वर्षीय बेटे अयान को अगवा करके हत्या कर दी गई थी। तीसरे दिन बिथरी क्षेत्र में नहर किनारे उसका शव बोरियों से दबा मिला था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। कुछ दिन बाद अयान के साथ स्लाटर हाउस में काम करने वाले दो तीन लड़कों को पुलिस ने पकड़ा था। इनसे पुलिस को घटना का क्लू मिला था। काफी हद तक केस खुलने के आसार थे, लेकिन पुलिस ने यह कहकर हाथ खींच लिए कि ठोस साक्ष्य नहीं मिला। पिछले दिनों इरम ने पुलिस की कार्यशैली से आहत होकर नींद की गोलियां खाकर जान देने की कोशिश भी की थी। अब इरम ने रिटायर्ड डीजी व भाजपा नेता डॉ. सूर्य कुमार से लखनऊ में मुलाकात की है। डॉ. कुमार ने उसकी समस्या को लेकर डीजीपी ओपी सिंह को पत्र लिखा है। बताया है कि एक छात्र की हत्या के मामले को हल्के से ले रही है। इस मामले में पुलिस को त्वरित खुलासा करने के लिए निर्देशित करें।