बरेली। शिकायतों के बाद जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा के निशाने पर आए बिथरी चैनपुर थाने के इंस्पेक्टर ललित मोहन को आखिरकार एसएसपी ने रविवार देर रात हटा ही दिया। उन्हें एसएसपी ने अपना पीआरओ बनाया है। उनकी जगह पुलिस लाइन से अशोक कुमार को थाने का चार्ज दिया गया है। करीब बीस दिन से खाली चल रहे किला थाने की जिम्मेदारी एसएसपी ने अपने पीआरओ मनोज कुमार को दी है।
महीने भर पहले केबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा के सामने तत्कालीन किला इंस्पेक्टर डीसी शर्मा और बिथरी के इंस्पेक्टर ललित मोहन के व्यवहार संबंधी शिकायतें की गई थीं। कई लोगों की शिकायत थी कि दोनों थानेदारों का जनता और क्षेत्र के संभ्रांत लोगों के प्रति रवैया सही नहीं है। हालांकि विभागीय चर्चा थी कि दोनों इंस्पेक्टरों की तेज कार्यशैली से क्षेत्रीय नेताओं की दाल नहीं गल रही थी। प्रभारी मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लिया और मौके पर मौजूद डीआईजी व एसएसपी से कार्रवाई को कहा। इसके एक-दो दिन बाद ही किला इंस्पेक्टर को लाइनहाजिर कर दिया गया था। बिथरी इंस्पेक्टर को अब हटाया गया है। बता दें कि 24 अक्तूबर को फिर से प्रभारी मंत्री का बरेली आना तय है। ललितमोहन पहले तत्कालीन एसएसपी मुनिराज जी. के भी पीआरओ रह चुके हैं।