फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिनदहाड़े ताबड़तोड़ लूट के बाद एक्शन में आई पुलिस, बदमाशों से मुठभेड़, दो गिरफ्तार

Sun, 06 Oct 2019 04:37 AM IST
बरेली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
यूपी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
जिले में दिनदहाड़े लूट की ताबड़तोड़ वारदातों से छका रहे बदमाशों पर शनिवार रात पुलिस भारी पड़ गई। दोपहर में केसरपुर रोड पर पेट्रोल पंप मालिक के बेटे से 58 हजार रुपये की लूट करने वालों में से दो बदमाशों को देर रात मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो बदमाश फरार हो गए।
विज्ञापन


भुता के गांव ककराकला निवासी रामपाल बरेली में रहते हैं। उनका क्योलड़िया के गांव ज्योति जागीर में मां जगदंबे पेट्रोल पंप है। शनिवार दोपहर दो बजे रामपाल का बेटा सूरज ग्वाल पंप पर तेल की बिक्री के 58 हजार पांच सौ रुपये बैग में लेकर बाइक से बरेली जा रहा था। सरकड़ा व लहिया के बीच हुंडई की एसेंट कार में सवार पांच सशस्त्र लुटेरों ने हार्न बजाकर पहले तो सूरज से साइड मांगी, फिर पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।

बाइक गिर गई और पांचों बदमाशों ने सूरज को तमंचे दिखाकर बैग में रखे 58 हजार पांच सौ रुपये लूट लिए। कार लेकर केसरपुर की ओर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित को साथ लेकर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।
विज्ञापन


घटनास्थल ऊबड़खाबड़ सड़क वाला और देहाती इलाके में था। इससे लग रहा था कि बदमाश ज्यादा दूर भाग नहीं पाए होंगे और किसी गांव में छुपे होंगे। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने टीमों को इलाका सील करके सघन तलाशी अभियान चलाने को कहा। एसपी देहात संसार सिंह, एसपी क्राइम रमेश भारतीय, सीओ फरीदपुर अभिषेक वर्मा भुता व क्योलड़िया पुलिस के साथ कांबिंग में जुटे तो रात बारह बजे बदमाशों से सामना हो गया।

म्यूड़ी मोड़ पर जाती वैसी ही कार दिखी तो पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इसमें बैठे बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एक गोली भुता थाने के सिपाही गौरव को बांह में लगती हुए निकल गई। घेराबंदी के बाद पुलिस ने भी फायरिंग की तो दो बदमाशों को पैर में गोली लग गई। दो अन्य बदमाश भी घायल हुए जो खेतों में भाग निकले।

भुता के बदमाश ने प्लानिंग के तहत बुलाए थे बदमाश

पकड़े गए बदमाशों में एक नाजिम पुत्र हामिद सेक्टर 83 फेज टू गौतमबुद्ध नगर का निवासी है तो दूसरा फाजिल पुत्र असलम एन-95 इंद्रलोक सराय रोहेला नई दिल्ली का निवासी है। फाजिल का ही पड़ोसी सलमान घायल होने के बाद फरार हुआ है। उसका एक अन्य साथी मन्नान निवासी कुलसेरा थाना इकोटेक जिला गौतम बुद्ध नगर भी भागा है।

इन्हें भुता निवासी आकाश ने बुलाया था। आकाश ने कई दिन से पंप मालिक की गतिविधियों की रेकी कर रखी थी और उसे सूरज के पास काफी रकम होने का अनुमान था। घटना में प्रयोग की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की गई। दोनों बदमाशों से लूटा गया बैग और 13 हजार रुपये बरामद किए गए।

हादसे के बाद बैंक मित्र के 55 हजार उड़ाए

थाना क्षेत्र के हरेली अलीपुर में बैंक मित्र हिमांशु गंगवार गांव की स्टेट बैंक शाखा में बैंक मित्र है। शनिवार को वह बैंक शाखा में ताला लगाकर गांव जा रहा था। रास्ते में उसकी बाइक नीलगाय से टकरा गई। इससे वह जमीन पर गिर पड़ा। उसी समय बाइक से तीन युवक उसके पास पहुंचे और उसको उठाने लगे।

उन्होंने पूछा कि कहीं चोट तो नहीं आई तो हिमांशु ने कहा कि बिल्कुल ठीक हूं। इस बीच हिमांशु की जेब से 55000 रुपये गायब हो गए। हिमांशु कुछ समझ पाते, तीनों युवक बाइक से भाग निकले। हिमांशु ने जब जेबों को देखा तो उसके रुपये गायब थे। हिमांशु ने तत्काल सीओ फरीदपुर को घटना की सूचना दी। सीओ और इंस्पेक्टर ने मुआयना किया पर बाइक सवार कहीं नजर नहीं आए। हिमांशु ने टप्पेबाजी की तहरीर दी जिस पर रिपोर्ट लिख ली गई।

एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि भुता में कार सवार बदमाशों ने लूट की थी। इसी गैंग से पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ की है। इसमें दो बदमाश और एक सिपाही घायल हुए हैं। बदमाशों ने स्वीकार किया है कि स्थानीय बदमाश के बुलाने पर दिल्ली से लूट करने आए थे। इनके दूसरे साथी भी इसी इलाके में छिपे हो सकते हैं, उनकी तलाश जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें