बरेली। पति की मौत के बाद घर चलाने और बच्चों को पालने के लिए नौकरी की तलाश में निकली महिला झांसे आकर चंगुल में फंस गई। नौकरी के नाम पर एक व्यक्ति महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। शिकायत की तो शादी करने का झांसा दिया। फिर मकान दिखाने के बहाने एक सरकारी क्वार्टर में ले जाकर दोस्तों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने आरोपियों पर उन्हें वेश्यावृत्ति में धकेलने का भी आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पति की मौत के कुछ वक्त बाद देवरनियां क्षेत्र निवासी महिला बच्चों के साथ इज्जतनगर क्षेत्र में आकर रहने लगी थी। महिला के मुताबिक यहां उनकी मुलाकात कॉलोनी की ही करमपुर चौधरी निवासी बेबी उर्फ नूरजहां से हुई। बेबी ने नौकरी दिलाने की बात कर उनकी मुलाकात परतापुर चौधरी निवासी नासिर से कराई। बताया कि नौकरी का झांसा देकर नासिर उनका शारीरिक शोषण करने लगा। शिकायत पर शादी का झांसा दिया। इसके चलते उनका एक प्लाट बिकवाकर पांच लाख रुपये भी हड़प लिए। महिला के मुताबिक नासिर उन्हें शादी के बाद रहने के लिए घर दिखाने के बहाने दस जनवरी को रोड नंबर सात स्थित एक सरकारी क्वार्टर में ले गया। आरोप है कि वह नासिर ने उनके साथ दुष्कर्म किया फिर भोजीपुरा के गांव भूड़ा निवासी आकिब और रिफाकत, परतापुर का साबिर, सीबीगंज का जबिर पहुंच गया। सभी ने उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि आरोपी उन्हें वेश्यावृत्ति में भी धकेलना चाहते हैं। शिकायत वापस लेने की बात कहते हुए तेजाब डालने और जान से मारने की भी धमकी देते हैं।