बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र निवासी एक महिला ने थाने के एक दरोगा पर अश्लील बातें करके फुसलाने और बाद में कार्रवाई के नाम पर 25 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाकर एडीजी दफ्तर में शिकायत की। एडीजी के जन शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी ने फतेहगंज पश्चिमी इंस्पेक्टर से जांच करने को कहा है। दरोगा विवादित रह चुके हैं, एसपी देहात ने उन पर कार्रवाई की बात कही है।
महिला ने एडीजी दफ्तर में पत्र देकर बताया कि उनके पति की मौत हो चुकी है। उनकी बेटी नगर के प्राइवेट स्कूल में टीचर है। 14 अगस्त को स्कूल के ही एक शिक्षक ने उनकी बेटी से छेड़छाड़ की थी। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने को उसे थाने के कई चक्कर काटने पड़े। रिपोर्ट हुई तो विवेचना कर रहे थाने के दरोगा ने उन्हें कई बार थाने और चौकी बुलाया। दरोगा ने पूछताछ के नाम पर उन्हें बुलाकर कमरे में बैठाए रखा। इस दौरान अश्लील बातें कीं। जब वह दरोगा की नीयत भांप गईं और जाना बंद कर दिया तो दरोगा ने उनसे आरोपी की गिरफ्तारी करने को 25 हजार रुपये की मांग की। उन्होंने इनकार किया तो दरोगा ने आरोपी की गिरफ्तारी से ही मना कर दिया। जन शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी ने इंस्पेक्टर से बात की तो पता लगा कि इस मामले में 15 दिन पहले ही चार्जशीट लग चुकी है।
जिन दरोगा के खिलाफ ये शिकायत आई है वह पहले से विवादित रहे हैं। दूसरे तरह के आरोप में उनकी जांच हुई है। नए मामले में भी जांच कराई जाएगी। वह दोषी मिले तो कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात