शेरगढ़। प्राइमरी स्कूल में एक बच्चे की एक चप्पल क्या गुम हुई, उसके दबंग बाप ने स्कूल आकर उसकी क्लास के तमाम बच्चों पर अपनी दबंगई निकाल दी। एक-एक कर बच्चों को बुलाकर वह पूछता रहा कि उन्होंने उसके बेटे की चप्पल तो नहीं चुराई है और इनकार करने पर तमाचे मार-मारकर उनके गाल लाल करता रहा। स्कूल के शिक्षकों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उन्हें भी धमका दिया। काफी देर बाद शिक्षकों की सूचना पर यूपी 100 पहुंची तो भाग निकला। इसके बाद तमाम अभिभावकों ने हेडमास्टर के साथ थाने जाकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने जांच की बात कहकर मामला टाल दिया।
सोमवार का दिन कस्बे के मोहल्ला काबर के प्राइमरी स्कूल के बच्चों के लिए काफी भारी गुजरा। स्कूल में पढ़ने वाले आसिफ की एक चप्पल स्कूल में ही गुम हो गई। काफी तलाश करने के बावजूद चप्पल नहीं मिली तो उसने घर जाकर अपने पिता शरीफ खां उर्फ बबलू से यह कहते हुए शिकायत कर दी कि किसी बच्चे ने उसकी चप्पल छिपा दी है। बौखलाया हुआ शरीफ सीधे स्कूल पहुंचा और आसिफ की क्लास में बच्चों एक-एक कर अपने पास बुलाकर चप्पल के बारे में पूछा। बच्चों ने चप्पल का पता होने से इनकार किया तो उन्हें पीटने लगा।
स्कूल के शिक्षकों के मुताबिक शरीफ ने क्लास के दर्जन भर से ज्यादा बच्चों को इतनी बुरी तरह पीटा कि क्लास में चीखपुकार मच गई। बच्चों ने क्लास से निकलकर भागने की कोशिश की तो उन्हें निकलने भी नहीं दिया। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचे शिक्षकों ने शरीफ को रोकने की कोशिश की तो वह उन पर भी हमलावर हो गया और धमकियां देने लगा। शिक्षकों के फोन करने पर यूपी 100 पुलिस पहुंची तो शरीफ भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने पर तमाम दूसरे अभिभावक स्कूल पहुंच गए। बाद में उन्होंने प्रधानाध्यापक नियाज अहमद के साथ थाने जाकर शरीफ के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच कराने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया।
वहशी की तरह पीटा, बुरी तरह सहमे बच्चे
गुस्साए शरीफ ने अपने बेटे की क्लास के दर्जनों बच्चों को इस कदर वहशियाना ढंग से पीटा कि पूरे स्कूल में अफरातफरी मच गई। बच्चों को पिटता देख दूसरी कक्षाओं के बच्चे भी सहम गए। शरीफ जब शिक्षकों पर हमलावर हुआ तो वे भी दोबारा बच्चों को बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके और चुपचाप खड़े बच्चों को पिटता देखते रहे। उन्होंने यूपी 100 को सूचना जरूर दे दी लेकिन शरीफ का हाथ रोकने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
पुलिस ने जांच से पहले ही कहा- नहीं पीटे गए बच्चे
तमाम बच्चों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ प्रधानाध्यापक ने भी पुलिस को बताया कि शरीफ ने बुरी तरह बच्चों की पिटाई की है, लेकिन पुलिस ने बगैर किसी जांच के ही यह बात मानने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानाध्यापक की तहरीर पर जांच कराई जा रही है। किसी बच्चे के कोई चोट नहीं आई है। उन्हें पीटने की बात गलत है। शरीफ ने स्कूल जाकर सिर्फ बच्चों धमकाया था।