सीबीगंज। नशे की हालत में कार चला रहे एक व्यक्ति ने रामपुर हाईवे पर दो ऑटो को टक्कर मार दी। हादसों में छात्रा समेत कई लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़कर जमकर पीटा। फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मेडिकल टेस्ट कराया तो अल्कोहल की पुष्टि हुई।
घटना गुरुवार दोपहर दो बजे रामपुर रोड स्थित कार शोरूम के पास हुई। मेरठ का रहने वाला नूर मोहम्मद अपनी कार से किसी रिश्तेदार को छोड़ने बरेली आया था। रिश्तेदार को छोड़ने के बाद उसने शराब पी और मेरठ के लिए चल दिया। शोरूम के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार कार ने अपने आगे चल रहे एक ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ड्राइवर कार लेकर भागने लगा तो सीबीगंज से बरेली की ओर जा रहे एक और ऑटो को उसने सामने से टक्कर मार दी। इसमें टेंपो ड्राइवर इस्लाम खां और टियूलिया गांव की छात्रा गीता गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और कार लेकर भाग रहे ड्राइवर को बाहर खींच लिया। नूर मोहम्मद के मुंह से शराब की बदबू आई तो गुस्साए लोगों ने उसे जमकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ से कार ड्राइवर को बचाया और थाने ले आई। पुलिस ने कार ड्राइवर को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। इंस्पेक्टर बच्चू सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।