बरेली। इज्जत नगर थाना क्षेत्र में फेसबुक फ्रेंड के जरिये यौन उत्पीड़न का शिकार हुई महिला के चर्चित मामले में बुधवार को दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। यह लोग महिला पर दबाव बना रहे थे कि वह अपनी ननद की बेटी से भी उनके संबंध बनवाए।
इज्जत नगर की पॉश कॉलोनी में रहने वाली महिला ने रिपोर्ट कराई है कि दिल्ली के एक व्यक्ति से फेसबुक पर उसकी दोस्ती हो गई थी। उसने परिवार की गैरमौजूदगी में उसके घर आकर उससे संबंध बनाए थे। साथ ही उसके साथ आपत्तिजनक हालत में फोटो और वीडियो भी ले लिए थे। तब से आरोपी और उसका दोस्त उस पर दबाव बना रहे थे कि वह अपनी ननद की बेटी से भी उनके संबंध बनवाए। वर्ना वो उसके फोटो व वीडियो इंटरनेट पर डाल देंगे। बाद में दो लाख रुपये मांग रहे थे। इन्होंने एक खाता नंबर भी मेसेज किया है। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।