पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ दुष्कर्म मामले की जांच के बाद छात्रा के सोमवार को 164 के तहत कोर्ट में बयान हो गए, लेकिन अभी स्वामी से रंगदारी मांगे जाने के मामले की जांच पूरी नहीं हो पाई है। इसलिए सोमवार को छात्रा के दोस्तों को फिर पुलिस लाइन स्थित कैंप कार्यालय में एसआईटी ने बुलाया। यहां उनसे चार घंटे तक पूछताछ की गई। कॉलेज स्टाफ से जुड़े कुछ लोगों से भी पूछताछ की गई। एसएस कॉलेज प्राचार्य अवनीश भी पुलिस लाइन पहुंचे, लेकिन उनसे पूछताछ नहीं हो सकी।
एसआईटी ने सुबह करीब नौ बजे छात्रा के कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए उसके पिता के पास नोटिस भेजा और इसके बाद स्वामी चिन्मयानंद से पांच करोड़ की फिरौती मांगे जाने के मामले की जांच शुरू कर दी। दोपहर लगभग 12 बजे संजय और उसके साथी विक्रम और दो अन्य साथियों के अलावा लॉ कॉलेज स्टाफ के लोगों को भी बुलाया गया। पुलिस लाइन स्थित पहुंचते ही उन्हें एसआईटी ने कैंप कार्यालय में ले जाकर बैठा लिया और दरवाजा बंद करके अलग-अलग सभी से सवाल-जवाब किए।
हालांकि संजय एसआईटी को काफी कुछ पहले से ही स्वामी के बारे में जानकारी दे चुका है। संजय से एसआईटी ने उन सारी चीजों पर भी सवाल किए कि स्वामी चिन्मयानंद के अश्लील वीडियो उनके हाथ कैसे लगे। उनके दिमाग में पांच करोड़ की रंगदारी का आइडिया क्यों और कैसे आया।
बताते हैं कि उसने यह रंगदारी स्वामी को सबक सिखाने के लिए मांगी थी, लेकिन जिस तरह से संजय और छात्रा और उसके साथियों का पांच करोड़ की रंगदारी मांगे जाने संबंधी वीडियो और होटल में खाना खाने के दौरान का वीडियो वायरल हो रहा है, उससे लग रहा है कि मौज मस्ती के लिए स्वामी से रुपये ऐंठने के लिए ताना-बाना बुना गया था। लेकिन मामला उलटा बैठ गया। एसआईटी दोनों मामलों की जांच रिपोर्ट तैयार कर हाईकोर्ट में पेश करेगी।