बरेली। पहली पत्नी को तलाक देकर दूसरी शादी करने वाले ने दूसरी पत्नी को भी प्रताड़ित किया। पत्नी गर्भवती हो गई तो उस पर गर्भपात का दबाव बनाया। इंकार करने पर उसे पीटा, जान से मारने की धमकी दी। बाद में बरेली के एक अस्पताल में दो महीने पहले गर्भपात करा दिया।
बारादरी क्षेत्र के घेर जाफर खां की रहने वाली अमरीन की शादी नवंबर 2018 में बहेड़ी के मोहल्ला टांडा के तारिक खान के साथ हुई थी। तारिक का पहली पत्नी मिजा हुसैन से तलाक हो चुका था। अमरीन शनिवार को महिला जागृति मंच की अध्यक्ष मनु नीरज के साथ बारादरी थाने पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही पति और ससुराल वाले उसे प्रताड़ित करने लगे। गर्भवती होने पर पति ने गर्भपात का दबाव बनाया। छह जूनन को इलाज के बहाने एक अस्पताल में भर्ती कराकर उसका गर्भपात करा दिया। आमरीन की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।