बरेली। एक स्थानीय मंदिर पर स्वामित्व को लेकर शनिवार सुबह मंदिर के अध्यक्ष व उनके विरोधी गुट में जमकर लाठी-डंडे चले। दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराकर घायलों को इलाज के लिए भेजा। मोहल्ले वालों ने बताया कि स्थानीय नेताओं की भी विवाद में सक्रिय भूमिका रहती है। मामले में एक से मंदिर के अध्यक्ष सोनू ने जानलेवा हमले की तो दूसरी तरफ से हरिशंकर ने हमला, लूट, महिलाओं से अभद्रता जैसे आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इज्जतनगर के मठ लक्ष्मीपुर निवासी सोनू कुमार किला नदी किनारे स्थित एक स्थानीय मंदिर के अध्यक्ष हैं। उनका परिवार मंदिर की देखभाल भी करता है। उनके मुताबिक मोहल्ले के दबंग मंदिर पर कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि शनिवार सुबह मंदिर जाते वक्त जयपाल, हरिशंकर, मनोज, छोटा, कमल व तीन-चार अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर उन पर लाठी-डंडे, रॉड और चाकू से हमला कर दिया। भाई रामगोपाल और भतीजा सूरज बीचबचाव करने आए तो दबंगों ने उन्हें भी पीटा। वह घर की तरफ दौड़े तो वहां भी पथराव कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष से हरिशंकर ने सोनू, पवन, गोपाल, कमल, सूरज, वेदप्रकाश, राजीव, रवि, राहुल, राहुल का भाई रवि, विमल, धर्मवीर, झम्मन, दीपक, राजीव, भूरा, डेविड, इतवारी व अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है विपक्षियों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। लूटपाट की और परिवार की महिलाओं से अभद्रता भी की। हालांकि मोहल्ले में दोनों परिवारों के बीच दो सदस्यों में प्रेम प्रसंग को लेकर पुरानी रंजिश चलने की भी सुगबुगाहट है।