बरेली। कुसुमनगर निवासी इंस्पेक्टर और उनकी दीवान पत्नी पड़ोसियों के लिए टेंशन बन गए हैं। इन लोगों पर आरोप है कि घर के सामने का दस फुट रास्ता अतिक्रमण करके घेर लिया है। इनके खिलाफ मोहल्ले के तमाम लोग एसएसपी दफ्तर पहुंचे और शिकायत की। एसएसपी ने बारादरी इंस्पेक्टर को स्थिति की जांच कर कार्रवाई करने को कहा है।
कुसुम नगर के बाशिंदे शुक्रवार दोपहर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से मिले। बताया कि उनके पड़ोसी लखनऊ में इंस्पेक्टर हैं। उनकी पत्नी शाहजहांपुर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। दोनों ने ही मोहल्ले के आसपास वाले करीब आठ घर खरीद लिए हैं। इनका मुख्य घर करीब एक हजार वर्ग गज में हैं। इसके सामने तीस फुट का रोड है। इन्होंने आमने सामने के दोनों मकानों के सामने पांच-पांच फुट लोहे का जाल लगाकर दस फुट रास्ता घेर लिया है। ईटें रख ली हैं तो और सामान फैला लिया है।
पड़ोसियों के मुताबिक बुधवार को नगर निगम से ठेकेदार ने आकर बताया कि आप लोगों का नौ मीटर का रास्ता पास हो गया है और मिट्टी डलवाई जाएगी। इस पर महिला दीवान ने कहा कि केवल छह मीटर में ही रोड डालिए। कहा कि उनके रिश्तेदार नगर निगम में हैं और मेयर के करीबी हैं। पड़ोसियों ने एसएसपी को बताया कि ये परिवार चाहता है कि गली यूं ही पड़ी रहे ताकि और लोग भी इन्हें अपना मकान बेचकर चले जाएं। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। एसएसपी ने इन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में मीना देवी, सुखलाल, सुरेंद्र सिंह, ओमकार, रेनू शर्मा और रामौतार गंगवार आदि कई लोग थे।