बरेली। जेल में बंद पति की जमानत कराने के लिए कोर्ट कचहरी के चक्कर लगा रही एक महिला दलालों के चंगुल में फंस गई। महिला के पति की जमानत कराने का आश्वासन देकर दलालों ने उनसे लाखों रुपये ठग लिए। महिला ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है।
किला क्षेत्र के मलूकपुर निवासी फरजाना के पति के खिलाफ सुभाषनगर थाने में एक रिपोर्ट दर्ज थी। जिसके चलते पुलिस ने उन्हें कुछ महीने पहले जेल भेज दिया था। उनके मुताबिक पति की जमानत के लिए वह लगातार वकीलों के चक्कर काट रहीं थी। बताया कि मोहल्ले का एक विद्युत विभाग के संविदा कर्मचारी ने उन्हें पति की जमानत कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि जमानत के नाम पर आरोपी और उसके साथ ने उनसे करीब दो लाख रुपये हड़प लिए। फिर संपर्क करना बंद कर दिया। बताया कि आरोपी ने कोर्ट कचहरी में अच्छी जान पहचान के नाम पर कई लोगों के रुपये हड़पे हुए हैं।