पीलीभीत। सब्जी लेने जा रहे बरखेड़ा के भाजपा विधायक किशनलाल राजपूत के भांजे ऋषभ को गुरुवार रात मामूली कहासुनी के बाद डीएम के गनर मोहित गुर्जर और एसडीएम सदर के पेशकार अमित सक्सेना ने अपने साथियों की मदद से अगवा कर लिया और फिर उसकी जमकर पिटाई की। नकदी, घड़ी और सोने की चेन लूटने का भी आरोप है। घटना की खबर मिलने के कुछ देर बाद ही विधायक के समर्थकों ने जाकर आरोपी गनर को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विधायक और कार्यकर्ता गुरुवार देर रात तक थाने में हंगामा करते रहे। देर रात तहरीर मिलने पर सुनगढ़ी थाने में ऋषभ के अपहरण, जानलेवा हमले और डकैती की धाराओं में 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। इनमें गनर और पेशकार को नामजद किया गया है। आरोपी गनर मोहित गुर्जर को जेल भेज दिया गया। एसपी ने उसे निलंबित भी कर दिया है।
वसुंधरा कॉलोनी निवासी ऋषभ ने बताया कि बृहस्पतिवार रात वह सब्जी लेने जा रहा था। तभी मंडी समिति के पास सिपाही मोहित, एसडीएम सदर के पेशकार अमित सक्सेना, पुनीत गंगवार और डोडो समेत 15 लोग नशे की हालत में खड़े मिले। इन लोगों ने ऋषभ को रोक लिया और 22 हजार रुपये, सोने की चेन, घड़ी लूट ली। विरोध करने पर पीटते हुए कार में डालकर अपने साथ ले गए। जिला अस्पताल गेट और एफसीआई गोदाम के पीछे की तरफ सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट की। उसे तालाब में डुबोकर जान से मारने की कोशिश की गई। इसी बीच विधायक के समर्थकों और पुलिस के पहुंचने पर आरोपी भाग गए, जबकि गनर मोहित को मौके पर पकड़ लिया गया। विधायक के समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। इस मामले में गुरुवार देर रात तक विधायक अपने कार्यकर्ताओं के संग असम चौकी और फिर थाना सुनगढ़ी में जमे रहे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। एएसपी रोहित मिश्र, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने विधायक को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। विभागीय कार्रवाई पूरी कर रात में ही गनर को निलंबित कर दिया गया। अन्य आरोपियों की धरपकड़ को दबिश जारी हैं।
दो और नामजद आरोपी भेजे गए जेल
विधायक के भांजे पर हमला करने वालों में गनर के अलावा नामजद किए गए दो अन्य आरोपी निरंजनकुंज कॉलोनी निवासी पुनीत गंगवार और सुभाष नगर कॉलोनी निवासी डोडो उर्फ सनी को पुलिस ने शुक्रवार शाम को नौगवां चौराहे से गिरफ्तार किया और आनन-फानन में जेल भेज दिया।
चार नामजद और 11 अज्ञात के खिलाफ अपहरण, डकैती और जानलेवा हमला करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी सिपाही को निलंबित करने के साथ तीन लोगों का चालान भी कर दिया है। अन्य की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं।
- मनोज कुमार सोनकर, एसपी
मेरे भांजे को अगवा कर लूटपाट करते हुए जानलेवा हमला किया गया है। सिपाही के साथियों की भी धरपकड़ होनी चाहिए। इस तरह की गुंडई बर्दाश्त नहीं होगी। ये पूरा गैंग चल रहा है, मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी।
- किशनलाल राजपूत, विधायक बरखेड़ा