बरेली। भटक कर कैंट थाने के चौबारी स्थित सांसद मेनका गांधी के पीपुल्स फॉर एनिमल्स सेंटर पहुंची मानसिक मंदित महिला को पुलिस ने सूचना देने वाले चौकीदार के ही सुपुर्द कर दिया। अब चौकीदार और उसका परिवार महिला की सुरक्षा को लेकर परेशान है। उसने पीपुल्स फॉर एनिमल्स के रीजनल मैनेजर से शिकायत की है।
पीपुल्स फॉर एनिमल्स के चौबारी स्थित सेंटर पर बृहस्पतिवार रात चौकीदार धनपाल ड्यूटी पर था। उसने रात करीब 8:30 बजे सेंटर के गेट पर करीब 25-26 वर्ष की एक महिला को बैठा देखा। उससे बात की तो पता लगा कि वह मानसिक मंदित है। चौकीदार ने इसकी सूचना यूपी 100 और कैंट पुलिस को दी। यूपी 100 और कैंट इंस्पेक्टर अवनीश कुमार पहुंच गए। महिला को सुरक्षित महिला आश्रय गृह पहुंचाने के स्थान पर दबाव बनाकर उसे चौकीदार के ही सुपुर्द कर दिया। चौकीदार ने इस बारे में देर रात पीपुल्स फॉर एनिमल्स के रीजनल अध्यक्ष सतीश यादव को जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से बात की। उनका कहना है कि यह पुलिस की महिला सुरक्षा के प्रति लापरवाही का मामला है। इस संबंध में वह पुलिस लापरवाही की शिकायत उच्च अधिकारियों से करेंगे।