बरेली। जरूरत के वक्त पर दोस्त के काम आना एक युवक को मंहगा पड़ गया। ठिकाना ना होने पर युवक के घर रुके उनके दोस्त ने उन्हीं का दादी का एटीएम चुराकर लाखों रुपये उड़ा लिए। युवक के मुताबिक विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर दिए लाखों रुपये भी दोस्त हड़प गया। कई बार तगादा किया तो दोस्त ने उन्हें नशे में दादी के खाते से रुपये उड़ाने की बात बताई। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की है। मामले की जांच सीओ थर्ड को सौंपी गई है।
इज्जतनगर क्षेत्र की आवास विकास कालोनी निवासी पुनीत शर्मा नोएडा में एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कंपनी के ही एक दिल्ली निवासी कर्मचारी से उनकी दोस्ती हो गई। उनके मुताबिक दोस्त ने उनकी न्यूजीलैंड की एक कंपनी में नौकरी दिलाने की बात की थी। भरोसा करके उन्होंने नौकरी के लिए दोस्त को करीब पांच लाख रुपये भी दे दिए।। दोस्त ने उन्हें 13 सितंबर को दिल्ली से विदेश भेजने की बात की थी। लेकिन तीन दिन पहले ही दोस्त ने उनसे संपर्क बंद कर दिया। बताया कि 11 सिंतबर को अचानक दोस्त ने इंटरनेट कॉल पर उन्हें संपर्क किया और नशे में उनके रुपये हड़पने की बात बताई। साथ ही घर पर रुकने के वक्त दादी का एटीएम चुराकर पेटीएम द्वारा करीब डेढ़ लाख रुपये निकलाने की भी बात बता डाली।