बरेली/नवाबगंज। सोमवार को आत्महत्या करने के बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे एक विवाहिता के शव को देखने को लेकर उनके परिजनों की पुलिस कर्मियों से तीखी नोकझोंक हो गई। मायके वाले शव की सील तोड़कर बेटी का मुंह देखने पर जोर देर रहे थे। सिपाही ने इंकार किया तो गालीगलौज और हुज्जत करने लगे। मायके वालों ने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर सौंपी है।
नबावगंज के गांव कचनेरा निवासी रेखा ने सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यहां बेटी के आत्महत्या कर लेने की सूचना पर पहुंचे उसके उधमसिंह नगर के खटीमा निवासी पिता छोटेलाल व अन्य भी पहुंचे। मायके वाले साथ में आए पुलिस कर्मियों पर शव की सील तोड़कर उन्हें बेटी का मुंह दिखाने की जिद करने लगे। सिपाहियों ने इंकार किया तो परिजन उनसे भेड़ गए। गालीगलौज और हुज्जत होने लगी तो सिपाहियों ने थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मायके वालों की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। प्राथमिक तौर पर मायके जाने देने से मना करने पर विवाहिता ने खुदकुशी कर ली। मामले की जांच की जाएगी।