बरेली। रिश्तेदार बनकर कई दिनों से एक परिवार से संपर्क कर रही एक महिला बृहस्पतिवार रात उनके घर पहुंची तो लड़की के बारे में पूछने लगी। बातों से महिला संदिग्ध लगी तो उसे कमरे में बंद कर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। चौकी लाई गई महिला परिवार पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया। साथ ही उसकी पैरवी में कई नेता भी इकट्ठे हो गए। परिवार की महिला की तरफ से चौकी पर मामले में तहरीर सौंपी गई है।
इज्जतनगर क्षेत्र के मठ लक्ष्मीपुर निवासी राजीव गंगवार की परचून की दुकान है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब चार दिनों से एक अंजान महिला खुद को उनका रिश्तेदार बताकर उनसे संपर्क कर रही थी। पूछने पर खुद को दूर का रिश्तेदार बताकर मिलने की बात कहती थी। राजीव ने बृहस्पतिवार रात महिला को मिनी बाईपास बुला लिया। फिर उनका बेटा महिला को घर ले आया। राजीव के मुताबिक चाय पीते वक्त महिला उनसे लड़की के बारे में पूछने लगी। बोली- लड़की कहां है, बाहर लेक र आओ। इतना सुनकर उन्हें महिला संदिग्ध लगी तो उन्होंने महिला को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस उसे कर्मचारी नगर चौकी ले आई। यहां महिला के पहुंचते ही एक मोर्चे के मंडल महामंत्री अपने साथियों के साथ महिला की पैरवी करने पहुंच गए। पूछताछ के दौरान महिला ने परिवार पर बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया। सारी बात होती रही लेकिन न तो महिला और न ही उसकी पैरवी में आए लोग ये बता पाए कि महिला वहां गई क्यों थी।
- मामला संज्ञान में आया है। महिला का फोन गलती से परिवार के फोन पर लग गया था। महिला वहां गलती से पहुंच गई थी। लड़की वाली बात गलत है। - केके वर्मा, इंस्पेक्टर इज्जतनगर