बरेली। नगर निगम कार्यालय की इमारत बनाने में लापरवाही की जा रही है। बृहस्पतिवार को लिंटर की शटरिंग खोलने के दौरान चौथी मंजिल से एक बल्ली नीचे गुजर रहे एक निगमकर्मी के सिर पर आ गरी गिरी। संयोग से कर्मचारी के सिर पर हेलमेट होने के कारण वह बाल-बाल बच गया लेकिन बल्ली के दो टुकड़े हो गए। निर्माण में लगे कर्मचारी भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर बिना हेलमेट काम कर रहे हैं। हादसा होने के बाद जागे नगर निगम ने कांट्रेक्टर को नोटिस दिया है।
नगर निगम में करीब 12.5 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला इमारत बन रही है लेकिन सुरक्षा मानकों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। न कर्मचारी सेफ्टी जैकेट और हेलमेट इस्तेमाल कर रहे हैं न बिल्डिंग के नीचे जाल लगाने या आवागमन बंद करने जैसी एहतियात बरती गई है। बृहस्पतिवार सुबह निगम के जनसूचना विभाग में कार्यरत श्यामलाल बाइक खड़ी करके ऑफिस जाने को निकले तो बिल्डिंग की चौथी मंजिल से एक बल्ली उनके सिर पर आ गिरी। गनीमत रही कि श्यामलाल ने हेलमेट नहीं निकाला था और बाल-बाल बच गए। इस हादसे के बाद नगर निगम में हड़कंप गया। अफसरों ने तत्काल निर्माणाधीन बिल्डिंग के नीचे बैरीकेडिंग कराई, हालांकि इसके बावजूद लोगों का वहां से आना-जाना जारी रहा।
हवा में लटक रही हैं बल्लियां
निगम भवन के निर्माण के दौरान एक बल्ली गिरने के बावजूद लापरवाही में कमी नहीं दिखी। बृहस्पतिवार को इस घटना के बाद भी लिंटर से कई बल्लियां हवा में लटकी नजर आईं।
पहले भी मलबे में दब चुके हैं तीन लोग
नई इमारत बनाने से पहले निगम में पुरानी बिल्डिंग को ध्वस्त किया गया था। तब भी जलकल विभाग की पुरानी बिल्डिंग गिराने के दौरान तीन कर्मचारी मलबे में दब गए थे।
कांट्रेक्टर को सुरक्षा मानक पालन करने के लिए नोटिस दिया गया है। स्पष्ट हिदायत दी गई है कि अगर अब कोई हादसा हुआ तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। - संजय चौहान, एक्सईएन, नगर निगम