कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पापड़ में गुरुवार सुबह एक बाबा को जड़ी बूटी बेचना भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझकर पीट दिया, जिससे बाबा को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मारपीट करने वालों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
यह मामला गुरुवार सुबह करीब 10 बजे का है। उस समय कासगंज निवासी एक बाबा अपनी जड़ी बूटी बेचने पापड़ गांव पहुंचा था। उसका हुलिया साधुओं की तरह था। जिस समय बाबा गांव में आवाज लगा रहा था। तभी किसी ने अफवाह फैला दी कि बाबा बच्चा पकड़ने आया है। फिर क्या था गांव के दर्जनों लोग आ गए, उन्होंने बाबा को पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी।
उस दौरान जो भी आया उसने अपने हाथ साफ कर लिए। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। उसी समय किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी। जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह बाबा को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। उसकी स्वास्थ्य केंद्र भेजकर मरहम पट्टी कराई। पुलिस ने बाबा से मारपीट करने वालों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है। अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।