साधु के वेश मेें जहरखुरानी करने वाले दो पकड़े
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। जंक्शन पर साधु के वेश में दो जहरखुरानों को दबोचकर जीआरपी ने जेल भेज दिया। इनके पास अल्प्राजोलम का गोलियां और पत्ते बरामद हुए हैं। जीआरपी ने दोनों को जेल भेज दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार, कांस्टेबल नईम और दुर्गेश जंक्शन पर गस्त पर थे। प्लेटफॉर्म एक पर मुरादाबाद एंड की तरफ पर एकांत में बैठे हुए दो संदिग्ध साधु के वेश में दिखाई दिए। इनके पास सामान नहीं था। शक होने पर पूछताछ की तो वह सकपका गए। तलाशी लेने पर उनके पास अल्प्राजोलम की गोलियां और पत्ते बरामद हुए। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उनकी पहचान महेश सिंह पुत्र जयवीर और रमेश सिंह पुत्र सूबेदार सिंह शाहजहांपुर के खुदागंज के बमियाना गांव के रूप में हुई। जीआरपी के मुताबिक दोनों हरिद्वार जाने वाली वाराणसी देहरादून जनता एक्सप्रेस, हावड़ा देहरादून दून एक्सप्रेस, गोरखपुर-देहरादून और इलाहाबाद हरिद्वार एक्सप्रेस में दरवाजे की ओर बैठ जाते थे। रात में यात्रियों को भविष्य बताकर उन्हें विश्वास में लेते थे, फिर प्रसाद में गोलियां का पाउडर बनाकर मिला देते थे। यात्री के बेहोश होने के बाद उनका सामान लेकर नजीबाबाद या ज्वालापुर में उतर जाते थे। साधु के वेश होने पर कोई शक भी नहीं करता था। जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण औतार ने बताया कि दोनों लंबे समय से लोगों की आंखों में धूल झोंक रहे थे। शाम को उन्हें जेल भेज दिया गया।