भमोरा। किशोरी के अपहरण का आरोपी मौका पाकर भमोरा थाने से भाग गया। होमगार्ड ने उसका पीछा भी किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। उसकी तलाश में पुलिस हाथ-पैर मार रही है। देर शाम तक आरोपी का कुछ पता नहीं लग सका था। हालांकि उसे रिकार्ड में नहीं गया था पर एसपी देहात ने इस मामले में स्टाफ की लापरवाही की जांच कराने को कहा है।
थाना भमोरा के गांव से करीब एक महीने पहले 15 साल की किशोरी लापता हो गई थी। किशोरी की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। किशोरी की तलाश के दौरान पता लगा कि क्योलड़िया थाने के गांव रिठौर के भजनलाल नाम के युवक की रिश्तेदारी किशोरी के गांव में थी। वही युवक किशोरी को ले गया है। शनिवार को पुलिस ने किशोरी को खोज निकाला, आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। दोनों को भमोरा थाने लाया गया। सोमवार को किशोरी को बयान दर्ज कराने को मुख्यालय भेज दिया गया। पुलिस गण्ेाश शोभायात्रा में व्यस्त थी। थाने में दो होमगार्ड और मुंशी ही थे। इस दौरान मौका पाकर भजनलाल थाने से भाग निकला। आरोपी भजनलाल नवंबर 2018 के एक अन्य मामले में भी थाने में वांछित है। एसओ भमोरा श्याम सिंह का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- आरोपी पुलिस के रिकार्ड में दर्ज नहीं था। बावजूद इस तरह किसी के थाने से चले जाने का मामला गंभीर चूक है। इस प्रकरण में जांच कराई जाएगी। - डॉ. संसार सिंह, एसपी देहात
चोरी का आरोपी किशोर कोतवाली से भागा, धरा गया
बरेली। रोडवेज बस स्टैंड से बिहारीपुर के 15 वर्षीय किशोर को कुछ लोग पकड़कर सोमवार सुबह कोतवाली लाए थे। वहां आरोप लगाया कि ये चोरी की कोशिश कर रहा था। थाने में ये लोग पुलिसकर्मियों से बात कर रहे थे कि मौका देखकर आरोपी किशोर फरार हो गया। उसे भागते देख पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। बाद में पुलिस ने इस्लामियां इंटर कॉलेज मैदान से उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे कोतवाली ले आई। बाद में बिहारीपुर से उसके परिवार के लोग पहुंच गए। उन्होंने बताया कि ये चोर नहीं है, इसका मानसिक संतुलन बिगड़ा हुआ है जिसकी वजह से अक्सर उल्टी हरकतें कर जाता है। उसे परिवार को सौंप दिया गया। कोतवाल गीतेश कपिल ने बताया कि किशोर पर कोई आरोप साबित नहीं हुआ तो उसे छोड़ दिया गया।