शाहजहांपुर। अपहृत छात्रा की बरामदगी के लिए जहां सर्विलांस टीमें जुटी हैं, वहीं बृहस्पतिवार को पुलिस ने जिले में सार्वजनिक स्थानों पर पंफलेट चस्पा करने के साथ ही दिल्ली, लखनऊ, बरेली, पीलीभीत, बदायूं आदि स्थानों पर भी थानों से संपर्क कर पंफलेट चस्पा करने के लिए भेज दिए हैं।
एसएस लॉ कॉलेज की लापता छात्रा का चार दिन तक कोई सुराग न लगने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक स्थलों पर पंफलेट चस्पा कराए हैं। पंफलेट में लिखा गया है कि एसएस लॉ कॉलेज से एलएलएम कर रही 23 वर्षीय छात्रा 23 अगस्त से कॉलेज हॉस्टल से गायब है। इस संबंध में छात्रा के पिता की ओर से धारा 364, 506 के तहत रिपोर्ट चौक कोतवाली में दर्ज है। यदि किसी व्यक्ति को छात्रा के संबंध में सूचना मिले तो वह छात्रा के पिता के मोबाइल नंबर, कोतवाली इंस्पेक्टर, सीओ सिटी के सीयूजी नंबर पर कॉल करके जानकारी दे सकता है। एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि यह पंफलेट जिले में सभी थानों व रेलवे स्टेशन, रोडवेज आदि सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए गए हैं। आसपास के जिलों के अलावा लखनऊ, दिल्ली आदि बड़े शहरों में भी पंफलेट भेजे गए हैं। ताकि छात्रा का जल्द से जल्द पता लग सके।