बरेली। शहर में कई निजी सुरक्षा एजेंसियां फर्जी तरीके से चल रही हैं। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर जांच की तो इसका खुलासा भी हुआ। चेकिंग में टीम को संचालन का कोई लाइसेंस नहीं मिला। लिहाजा संचालकों के खिलाफ संबंधित थानों मेें धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सुभाषनगर क्षेत्र के पटेल बिहार में शराब भट्टी के पास पुलिस टीम बृहस्पतिवार सुबह एक सुरक्षा एजेंसी के कार्यालय में चेकिंग के लिए पहुंची। पुलिस ने बताया कि ईगल सिक्योरिटी सर्विस के नाम से एक एजेंसी कई रेस्टोरेंट, होटल व मार्केट में भी गार्ड सप्लाई करती है। इसके चलते एजेंसी के संचालक मढ़ीनाथ अशोक नगर निवासी राकेश सिंह से लाइसेंस मांगा गया तो सामने आया कि एजेंसी पर कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। इसके अलावा बुधवार को ग्रीन पार्क में एक निजी अस्पताल में राम सरन की बिल्डिंग में कारगिल सिक्योरिटी गंगा सरन एजेंसी के नाम से चल रही थी। यह एजेंसियां अक्सर टैक्स बचाने के लिए बिना रजिस्ट्रेशन के काम करती हैं। इन्हीं के कुछ लोग इसका फायदा उठाकर वारदातों को भी अंजाम देते हैं।