शहर के तमाम इलाकों में महिलाओं के साथ हो रही लूट की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस भी बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने में नाकाम है। अब किला क्षेत्र में मार्निंग वॉक को निकली महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन छीन ली, तो दूसरी घटना में बारादरी क्षेत्र में दवा लेने निकली बाइक सवार महिला से मोबाइल फोन लूट लिया।
किला क्षेत्र के साहूकारा निवासी उमा अग्रवाल रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे मार्निंग वॉक को निकली थीं। घर से कुछ दूर ही एक लाल रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पीछे लग गए। थोड़ा आगे बढ़ते ही बाइक उनके पास आकर रुक गई। उनके मुताबिक एक बदमाश उनके पास आया, झपट्टा मारकर उनकी चेन छीनी और भाग निकला। वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनका पीछा करने की कोशिश भी की लेकिन बदमाश भाग निकले।
वहीं बारादरी क्षेत्र के सकलैन नगर निवासी जीशान रविवार शाम अपनी पत्नी को दवा दिलाने जा रहे थे। उनके मुताबिक ईंट पजाया चौराहे पर जाम होने के कारण उन्होंने जैसे ही बाइक रोकी, डिस्कवर गाड़ी सवार बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ से मोबाइल छीन लिया और गलियों में भाग निकले। पीड़ित ने बारादरी थाने में घटना की तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस दर्ज नहीं करती लूट की शिकायतें
शहर में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहे बाइक सवार बदमाश पुलिस की हत्थे ही नहीं चढ़ रहे। इसलिए अपनी गर्दन बचाने के लिए पुलिस ऐसी घटनाओं को दर्ज ही नहीं करती है। जांच के नाम पर पीड़ित को भी टरका दिया जाता है। पिछले दिनों इज्जतनगर के बैरियर वन क्षेत्र में हुई लूट की तीन घटनाओं में पुलिस ने एक में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। प्रेमनगर क्षेत्र में हाल ही में हुई मोबाइल फोन लूट और अन्य घटनाएं भी दर्ज नहीं की गई। शहर के पॉश इलाकों में हाल ही में कई घटनाएं हो चुकी हैं।