बरेली। शहर में बेखौफ बाइक सवार बदमाश लगातार लूट की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस भी अभी तक इनको पकड़ने में नाकाम रही है। राजेंद्र नगर, शील चौराहा, मॉडल टाउन जैसे पॉश इलाके इन लुटेरों का गढ़ बन गए हैं। अब बाइक सवार बदमाशों ने प्रेमनगर क्षेत्र घर के बाहर टहल रही एक युवती से फोन, तो वहां से अगले ही चौराहे पर खरीददारी कर रही एक महिला का पर्स लूट लिया।
प्रेमनगर क्षेत्र में राजेंद्र नगर में रहने वाली श्रेष्ठा बुधवार रात अपने घर के बाहर ही टहर रहीं थी। उन्होंने बताया कि दोस्त का फोन आने पर वह वहीं रुककर बात करने लगीं। उनके मुताबिक इसी बीच कोहाड़ापीर की तरफ से एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए और उनका फोन लूटकर भाग निकले। बताया कि काले रंग की स्पलेंडर बाइक पर सवार बदमाशों ने अपना मुंह ढक रखा था। दोनों कम उम्र के ही थे। पास ही खड़े उनके दोस्त ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह भाग निकले। वहीं राजेंद्र नगर मार्केट में खरीददारी कर रहीं एक महिला पूनम का भी पर्स बदमाश लूट ले गए। उन्होंने बताया कि एक ठेले वाले को रुपये देने वक्त बदमाश उनके हाथ से पर्स लूट कर भाग निकले।