बरेली। मंदिर में खेल रही किशोरी के साथ उसके पड़ोसी युवक ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने उसने दांतों से उसका गाल काट लिया। रोने की आवाज सुनकर किशोरी के घरवाले पहुंचे तो पड़ोसी भाग निकला। आरोपी के भागने पर जुटे उसके घरवाले और उसके साथी पीड़ित परिवार को शिकायत पर धमकाने लगे। इसी बीच सूचना पर चीता पुलिस पहुंची तो आरोपी के घरवालों ने धक्का मुक्की भी की। पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बारादरी क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी 12 वर्षीय किशोरी दोस्तों के साथ रविवार देर रात पड़ोस के ही एक मंदिर में खेल रही थी। किशोरी के परिजनों के मुताबिक अचानक उसके रोने-चीखने की आवाज सुनी तो वह दौड़कर वहां पहुंचे। उनके मुताबिक किशोरी ने बताया कि पड़ोसी युवक उसे मंदिर से जबरदस्ती थोड़ी दूर ले गया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसके गाल पर दांत से काट लिया। रोने की आवाज सुनकर लोग पहुंचे तो आरोपी भागकर घर में छिप गया। हंगामा होने पर आरोपी के घरवाले और साथी मौके पर पहुंचे और शिकायत करने पर पीड़ित परिवार को धमकाने लगे। इसी बीच सूचना पर पहुंची चीता पुलिस के सिपाहियों से भी धक्कामुक्की की। किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पास्को एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।