बरेली। शादी जल्दबाजी में बिना जांच पड़ताल के नहीं करनी चाहिए, ये बात गांधीपुरम में हुई आरती की हत्या से साफ हो गई है। दामाद की मौत के बाद जवान बेटी घर बैठाए परिवार ने शादी डॉट कॉम के जरिये आननफानन में शादी कर डाली जिसका खामियाजा चौदह महीने बाद बेटी की निर्ममता से हत्या के रूप में सामने आया। शादी के वक्त सुंदर सुशील लग रहे शिक्षक धीरज ने जो वादे किए, डेढ़ महीने बाद ही तोड़ डाले। गोंडा से बरेली रवाना हुआ परिवार अब धीरज और उसके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट कराएगा।
गोंड़ा से पचास किमी दूर स्थित उतरौला बाजार निवासी नन्हकन सोनी का सराफा का छोटा काम है। उन्होंने बेटी आरती की पहली शादी अपने कस्बे से तीस किमी दूर मनकापुर में शिवबहादुर सोनी से की थी। शिवबहादुर भी सराफ का काम करते थे। करीब पांच साल पहले उनकी मौत हो गई। तब से आरती मायके में रह रही थी। आरती के भाई प्रदीप ने बताया कि पिछले साल जून में उन्होंने शादी डॉट कॉम के जरिये विज्ञापन दिया। बरेली की डिफेंस कॉलोनी निवासी धीरज रस्तोगी ने खुद उन्हें मेसेज कर संपर्क साधा। बताया कि पत्नी से उसका तलाक हो चुका है। वह डिग्री कॉलेज में शिक्षक है। मां भी शिक्षक हैं। लड़की ठीक मिले तो दान दहेज भी खास नहीं चाहिए। प्रदीप के मुताबिक इस प्रस्ताव से वे काफी खुश हुए। एक बार बरेली आकर धीरज का परिवार देखा और 22 जून को शादी कर दी। अपनी हैसियत के मुताबिक काफी दहेज भी दिया। आरती का आठ साल का बेटा कृष्णा है। धीरज ने वादा किया था कि कृष्णा को साथ रखेगा और पिता का प्यार देगा।
बताया कि डेढ़ महीने तक सब ठीक रहा। फिर धीरज ने झगड़ा शुरू कर दिया। उसने कृष्णा को साथ रखने से इंकार कर दिया। तब वे लोग उसे ले आए और अपने यहां एडमिशन करा दिया। तब से लगातार मारपीट और झगड़े की खबरें आती थीं। कई बार उन्होंने समझाया। कभी आरती को कुछ दिन घर में रका तो कभी धीरज को मनाया। उन्हें पता लगा कि धीरज का पहली पत्नी से तलाक नहीं हुआ है। वह सरकारी शिक्षिका है। विवाद के बाद वह बेटे और बेटी के साथ दूसरी कॉलोनी में रहती है। फंस चुके थे, इसलिए धीरज का हर नखरा ये सोचकर झेलते रहे कि भविष्य में सब ठीक हो जाएगा। आरोप लगाया कि आरती से मुकदमेबाजी के बाद धीरज कमाई के लालच में पहली पत्नी को दोबारा लाने के चक्कर में था। इसीलिए वह आरती से छुटकारा पाना चाहता था। उसे बेरहमी से मारने की वजह भी यही रही होगी। बताया कि रविवार सुबह वे लोग आ जाएंगे और दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट कराकर सजा दिलाएंगे।