बरेली। दोस्त के घर से राखी बंधवाकर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर मुंह ढंककर खड़े कुछ लोग हाथापाई कर उनका पर्स छीनने की कोशिश की। उनके मुताबिक वहां से गुजर रही एक युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर बदमाश उन पर हावी हो गए थे। घटना की शिकायत करने पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, लेकिन फिर थाने में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
किला क्षेत्र निवासी युवक रक्षाबंधन के दिन अपने दोस्त के घर पहुंचे हुए थे। उनके मुताबिक वहां से लौटते वक्त रास्ते में मुंह ढंककर खड़े तीन-चार लोगों को एक युवती से अभद्रता करते देखा तो वहां रुक गए। इसका विरोध किया तो वह लोग उनसे गालीगलौज और हाथापाई करने लगे। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने उनका पर्स छीनने की भी कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए तो आरोपियों को पकड़कर पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस उन्हें पकड़कर थाने ले आई और पीड़ित से तहरीर देने को कहा। लेकिन फिर मोहल्लेवालों के कहने पर उन्होंने मामले में समझौता कर लिया।