बरेली। गुलमोहर पार्क कॉलोनी के सत्संगी दंपती हत्याकांड में कोर्ट के निर्देश पर पुलिस 14 अगस्त को आरोपी अनुराग भागवानी के फिंगरप्रिंट लेगी। पुलिस इसी तरह के अन्य साक्ष्य जुटाकर आरोपी के खिलाफ चार्जशीट लगाने जा रही है। वहीं, अस्पताल में भर्ती अनुराग खामोशी साधे हुए है। नार्को टेस्ट से उसके इंकार के बाद सत्संगी परिवार कानूनी सलाह लेने में जुटा है।
24 जुलाई की रात बैंक की सहायक प्रबंधक रूपा सत्संगी और उनके पति नीरज के हत्या में प्रेमनगर थाना पुलिस पड़ोस में ही रहने वाले ऑटो ड्राइवर अनुराग भागवानी को आरोपी मान चुकी है। अनुराग की रीढ़ की हड्डी टूटी हुई है। उसे जेल से लाकर पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद छत से कूदने पर ऐसा हुआ है। अनुराग इस पर खामोश है पर उसकी मां पुष्पा का कहना है कि 2017 में जन्माष्टमी के वक्त अनुराग का एक्सीडेंट होने से रीढ़ की हड्डी में चोट लगी थी। एक निजी अस्पताल में वो भर्ती हुआ, इलाज भी चला पर तंगी की वजह से पूरा इलाज नहीं करा सके। ये वही चोट है, उनका बेटा हत्यारा नहीं हो सकता।
प्रेमनगर इंस्पेक्टर बलवीर सिंह के मुताबिक कोर्ट के आदेश के मुताबिक 14 अगस्त को अनुराग का फिंगरप्रिंट लेना है। उन्हें पूरा यकीन है कि अनुराग ने ही हत्या की है। उसके खिलाफ काफी साक्ष्य पुलिस के पास हैं। कुछ और साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट लगा दी जाएगी। पुलिस प्रयास करेगी कि आरोपी को अधिकतम सजा मिले।