बरेली। अशरफ खां छावनी में टेंट कर्मी युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। उसके हाथ में मोबाइल मिला, पड़ोस में चल रहे तेज साउंड से भी उसका ध्यान सामने आ रही ट्रेन की ओर नहीं गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
रुद्रपुर की इंद्रा कॉलोनी का मूल निवासी 18 वर्षीय नीरज मां रेनू के साथ अशरफ खां छावनी में नानी सावित्री के घर रहता था। वह एक टेंट हाउस का कर्मचारी था। नीरज सोमवार सुबह नौ बजे नानी की दवा लेेने जा रहा था। लोगों के मुताबिक पड़ोस में ही कांवड़ियों के जलपान के लिए स्टाल लगाकर तेज साउंड बजाया जा रहा था। उसके हाथ में मोबाइल भी था जिसे वह देख रहा था। छावनी के पीछे रेलवे लाइन पार कर रहे नीरज को सामने इज्जतनगर दिशा से आ रही ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी। ऐसे में वह ट्रेन के नीचे आ गया। उसके दोनों पैर कट गए। लोगों ने शोर मचाया तो ट्रेन रोककर ड्राइवर ने उसे पीछे किया। अशरफ खां छावनी चौकी प्रभारी पवन सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने उसे निकलवाया। अस्पताल लाते समय उसकी मौत हो गई।
चौपुला क्रॉसिंग पर ट्रेन से कटकर मानसिक मंदित की जान गई
बरेली। चौपुला गिहार बस्ती निवासी 22 वर्षीय प्रताप मानसिक मंदित था। देर रात चौपुला क्रॉसिंग से गुजरते वक्त प्रताप ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देर रात शव को सील करा दिया गया। परिवार ने कोई कार्रवाई नहीं करने को कहा पर पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने की बात कही। ब्यूरो