बरेली। मुंबई के एक टैक्सी ड्राइवर ने खुद को एयरलाइंस में कंसलटेंट बताकर प्रेमनगर की एक युवती से शादी कर ली। इस बीच ससुराल वाले विवाहिता के मायके से मोटी रकम भी ऐंठते रहे। विवाहिता के मुताबिक सच्चाई सामने आने पर कार्रवाई की बात की तो ससुरालियों ने उसे जलाकर मारने की कोशिश की। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रेमनगर क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी एक युवती की शादी करीब साढ़े चार साल पहले मुंबई के कोपरखेरनी निवासी धीरज से हुई थी। उनके मुताबिक धीरज ने खुद को एक एयरलाइंस में कंसलटेंट बताया था। विवाहिता के पिता के रिटायरमेंट के वक्त ससुराली पांच लाख नकद और एक कार की मांग करने लगे थे। असमर्थता जताने पर उन्हेें प्रताड़ित करते थे। बताया कि पति कभी अपने साथियों से उन्हें नहीं मिलवाते थे, न ही कभी साथ ले जाते थे। वहां मुंबई में रहने वाली एक दोस्त से विवाहिता ने मदद ली तो सामने आया कि पति ठेके पर टैक्सी चलवाता है। आरोप है कि इसके लेकर विरोध जताते हुए उन्होंने शिकायत की बात की तो ससुरालियों ने उन्हें जलाकर मारने की कोशिश की।