बरेली। एक फोन आने पर जल्दी में घर से निकले एक ड्राइवर का शव बृहस्पतिवार देर रात गढ़ी चौकी के पास हार्टमन पुल के नीचे पड़ा मिला। उसकी बाइक भी ओवरब्रिज पर ऊपर पड़ी मिली। परिजनों ने उसकी हत्या होनेे की आशंका जताई है। हालांकि पोस्टमार्टम में सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
इज्जतनगर क्षेत्र में रोड नंबर सात के कृष्णा नगर निवासी 25 वर्षीय अमन यादव चार महीने से नवाबगंज तहसील में तैनात डब्लूडीएन ऊषा जैन के ड्राइवर थे। उनके पति मुनेंद्र सिंह इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। बृहस्पतिवार देर रात अमन का शव किला थाना क्षेत्र में गढ़ी चौकी के पास स्थित एक निजी स्कूल के सामने पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल लेकर भी पहुंची। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अमन की बाइक हार्टमन ओवरब्रिज के ऊपर पड़ी मिली। सूचना पर उसके परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। पिता मुनेंद्र के मुताबिक अमन बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक फोन आने के बाद बहुत जल्दी में घर से निकला था। देर रात पुलिस ने उसकी मौत होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस से मिले अमन के फोन की कॉल डिटेल भी गायब थी। दोपहर की उनकी कॉल के बाद से सारी डिटेल मिटा दी गई थीं। इस सभी तथ्यों को देखते हुए परिवार ने अमन की हत्या होने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस इसे हादसा बता रही है। पुलिस के मुताबिक फोन पर बात करते हुए तेज रफ्तार में बाइक चलाने हादसे में वह नीचे गिर गया। इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया प्राथमिक तौर पर यह हादसा लग रहा है। अभी हत्या जैसी कोई बात नहीं लग रही है। तहरीर आने पर जांच की जाएगी।
तहरीर लेकर पहुंचे परिवार को टहलाती रही पुलिस
बेटे की मौत के बाद शिकायत करने थाने पहुंचे परिवार को पुलिस सीमा विवाद के चलते टहलाती रही। उन्हें किला थाने से प्रेमनगर थाने भेज दिया गया। वहां पहुंचे तो किला थाने का मामला बताकर वापस भेज दिया गया। परिजनों के विरोध करने पर किला थाने में उनकी तहरीर ली गई।