बरेली। पीलीभीत बाईपास पर मार्बल की दुकान के बाहर मिले सीआरपीएफ के पूर्व जवान की हत्या उसी के दोस्त ने की थी। हत्यारे दोस्त को पुलिस ने सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि नशे में कहासुनी होने के बाद उसने गुस्से में ईंट से दोस्त का सिर कुचल दिया था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। मंगलवार को अपने कार्यालय में एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने घटना का खुलासा किया।
बारादरी क्षेत्र के गोपाल नगर निवासी 29 वर्षीय अवधेश उर्फ टिल्लू का शव रविवार सुबह पीलीभीत बाईपास पर एक मार्बल की दुकान के बाहर दो पत्थरों के बीच पड़ा मिला था। शव का सिर कुचला हुआ था और पास ही खून से सनी एक ईंट भी मिली थी। मृतक के पिता ज्ञानप्रकाश ने उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट कराई थी। पुलिस के मुताबिक मृतक के घर के पास और घटनास्थल के सीसीटीवी चेक करने पर वह अपने एक दोस्त संजयनगर चार खंबा निवासी सम्मी के साथ जाता नजर आया था। पूछताछ में सम्मी ने बताया कि संजय नगर में शराब पीने के बाद दोनों पीलीभीत बाईपास की तरफ घूमने निकले थे। वहां किसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। अवधेश ने उसे गालियां दी तो गुस्से में उसने अवधेश के सिर पर ईंट से हमला कर दिया था। उसकी गंभीर हालत देखकर वह डर गया और ईंट थोड़ा आगे फेंककर वहां से भाग निकला था। आरोपी सम्मी हत्या करने के बाद पकड़े जाने के डर से अगले दिन सोमवार को कांवड़ के बहाने एक जत्थे में कछला चला गया था। वहां से देर रात लौटकर अपने घर में ही था कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घटना में एक महिला से अवैध संबंधों के पीछे झगड़े की बात भी सामने आई थी पर पुलिस ने इससे इनकार कर दिया।