बरेली। पीलीभीत बाईपास स्थित एक शापिंग मॉल के बाहर पुलिस के सामने ही महिला का पर्स बाइक सवार ने उड़ा दिया। महिला पति के साथ बाइक से जा रही थी। दोनों ने बाइक सवार का पीछा भी किया लेकिन वह नाकाम रहे। पीड़ित शिकायत लेकर इज्जतनगर थाने पहुंचे तो पुलिस ने लूट की जगह गुमशुदगी दर्ज करने के बात कहकर उन्हें टहला दिया।
बारादरी क्षेत्र की तुलसीनगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद सलीम नगर निगम कर्मचारी हैं। सलीम रविवार शाम पत्नी आशी खान के साथ पीलीभीत बाईपास स्थित फीनिक्स शापिंग मॉल जा रही थीं। उनके मुताबिक मॉल में घुसने को रोड़ पार करते वक्त पीछे से एक बाइक सवार तेज रफ्तार में आया और उनका पर्स लूटकर भाग निकला। आरोप लगाया कि वहां चंद कदमों की दूरी पर खड़ी पुलिस शोर सुनने के बावजूद नहीं हिली। इसकी शिकायत करने सलीम आईडी व अन्य प्रमाण पत्र लेकर थाने पहुंचे तो वहां मौजूद दरोगा ने उन्हें लूट की जगह पर्स गुम हो जाने की तहरीर देने को कहा। उनके मुताबिक पर्स में करीब ढाई हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य जरूरी कागजात थे। सलीम ने पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत करने की बात की है।