भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। आरसी मिशन थाने के अहमदपुर रेती में रविवार रात दो गुटों के बीच हुई फायरिंग में छर्रे लगने से एक कांवड़िया समेत पांच लोग घायल हो गए। अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांवड़िया के घायल होने से गुस्साए अन्य कांवड़ियों ने जिला अस्पताल के सामने जाम लगा दिया। देर रात डीएम इंद्र विक्रम सिंह, एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने अस्पताल पहुंचकर उन्हें समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
आरसी मिशन थाने के गांव रौसर कोठी के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर संतोष का रविवार दिन में नई बस्ती रेती के गोविंद सिंह से झगड़ा हो गया था। रात करीब आठ बजे संतोष दो बाइक और एक कार से अपने साथियों के साथ अहमदपुर रेती पहुंचा और तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। यहां से उस वक्त कांवड़ियों का जत्था गुजर रहा था। कांवड़ियों के जत्थे में शामिल बंडा के गांव ररुआ निवासी 22 वर्षीय सतेंद्र वर्मा हाथ में छर्रे लगने से घायल हो गया। चार अन्य लोग भी घायल हुए। घटनास्थल पर भीड़ जमा होने पर बदमाश बाइक छोड़कर कार से भाग गए। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर कार बरामद कर ली लेकिन हिस्ट्रीशीटर हत्थे नहीं चढ़ा।
दो पक्षों में झगड़े के बाद फायरिंग हुई थी। फायरिंग करने वाले कार से भागे थे। पुलिस ने इस कार को पकड़ लिया है। फायरिंग में शामिल हिस्ट्रीशीटर संतोष नाम अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उसकी तलाश की जा रही है। दहशत या तनाव जैसी कोई बात नहीं है।
- डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी